बागपत। गांगनौली गांव में सोमवार को दोपहर बाद दो सिपाही समेत पांच लोगों की हत्या के राज से पर्दा उठना शुरू हो गया है। बेहोशी की हालत में मिले पीएसी के सिपाही प्रताप सिंह ने खुलासा किया है।
उसका दावा है कि दो युवक मकान के मुख्य दरवाजे से कोल्ड ड्रिंक लेकर कमरे में आए थे। उसने भी वह कोल्ड ड्रिंक पी। इसके बाद तीनों पुलिसकर्मी बेहोश हो गए। इसके बाद ही उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
सिपाही प्रताप ने पुलिस लाइन में अपने परिजनों के सामने बताया सोमवार को दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे दो लड़के उनके पास कोल्ड ड्रिंक लेकर पहुंचे। उनके उस्ताद एचसीपी राकेश शर्मा ने लड़कों से पूछा था कि तुम कौन हो। लड़कों ने जवाब दिया था कि हम तो यहां से ही हैं। इसके बाद उन्होंने कोल्ड ड्रिंक पी ली थी। इसके कुछ ही देर बाद हम लोग बेहोश हो गए। इसके बाद उसे नहीं पता क्या हुआ। मंगलवार सुबह बड़ौत अस्पताल में होश में आने के बाद पता चला कि उसके साथियों की हत्या हो गई है।
उसने दावा किया जिन दो लड़कों ने उनको कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया है और वारदात को अंजाम दिया। आरोपी मृतक परिवार के लड़के के साथ रहते थे। वह किसी का नाम नहीं जानता है, उस मकान में पहली बार सोमवार को उसकी ड्यूटी लगी थी। इससे पहले क्वार्टर गारद में उसकी तैनाती रहती थी। वह सामने आने पर आरोपी युवकों को पहचान सकता है।