काटने के निशान दिखाती घायल महिला सिपाही
- फोटो : amar ujala
मुजफ्फरनगर के खतौली में बदमाश के घर पर लूट की रकम बरामदगी के लिए गई पुलिस टीम पर हमला बोल दिया गया। घर की महिलाएं दरोगा और महिला सिपाही पर टूट पड़ीं। महिलाओं ने दरोगा और सिपाही से हाथापाई कीं। महिलाओं ने महिला दरोगा के शरीर के कई स्थानों पर नाखूनों से नोच डाला। इतना ही नहीं महिला सिपाही को दांतों से काटकर जख्मी कर दिया। हमले की सूचना मिलते ही कोतवाली से पुलिस बल बदमाश के घर पर पहुंची। पुलिस ने हमला करने के आरोप में दो युवतियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दोनों बदमाशों की निशानदेही पर इनके मकानों के अंदर से लूट की हजारों रुपयों की नकदी बरामद की है। पुलिस ने कोर्ट से बदमाशों को छह घंटे के रिमांड पर लिया था।
गांव चंदपुरी निवासी गुड़ व्यापारी धर्मवीर उर्फ मल्लू से 19 फरवरी को बाइक सवार तीन बदमाशों ने जसौला मार्ग पर तमंचों के बल पर पांच लाख चार हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। पुलिस ने कुछ दिन बाद लूट की घटना का खुलासा करते हुए 1.20 लाख रुपये की नकदी बरामद कर दो बदमाशों गांव गालिबपुर निवासी तालिब और गांव मोहददीनपुर निवासी अरशद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस लूट की घटना में प्रकाश में आए मोहल्ला नई आबादी निवासी बदमाश तौसीफ उर्फ तुल्ला पुत्र हनीफ और ताबिश पुत्र नईम कुरैशी ने चार मार्च को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। रविवार को पुलिस ने इन दोनों बदमाशों को कोर्ट से छह घंटे के लिए रिमांड पर लिया। एसआई आदेश त्यागी पुलिस टीम के साथ बदमाश तौसीफ उर्फ तुल्ला को लेकर मोहल्ला नई आबादी में उसके घर लूट की रकम बरामद करने पहुंची। पुलिस टीम बदमाश की निशानदेही पर घर के अंदर लूट की रकम बरामद करने लगी, जिसका घर के अंदर बदमाश के परिवार की महिलाओं ने विरोध किया। महिलाओं की पुलिस के साथ हाथापाई हुई।
पुलिस टीम में शामिल दरोगा ममता और महिला सिपाही अनु चौधरी पर महिलाएं टूट पड़ी। महिलाओं ने हाथापाई करते हुए दरोगा ममता को नाखूनों से नोच डाला और सिपाही अनु चौधरी के हाथ में दांतों से काट डाला, जिससे दरोगा व सिपाही घायल हो गईं। हमले की सूचना से कोतवाली में मौजूद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कोतवाली से दो तीन दरोगा कई पुलिसकर्मियों को जीप में बैठाकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था। पुलिस ने हमला करने वाली दो युवतियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बदमाश तौसीफ की निशानदेही पर उसके घर से 11, 300 रुपये की नकदी व दूसरे बदमाश ताबिश की निशानदेही पर उसके घर से 18, 700 रुपये की नकदी बरामद की। पुलिस ने घायल दरोगा और सिपाही का अस्पताल में उपचार कराया। पुलिस टीम पर हमले का अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उधर, पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में हिरासत में ली गई दो लड़कियों छुड़ाने के लिए लोग कोतवाली में जमा थे।