मुजफ्फरनगर। लखनऊ से आए एडीजी कारागार देवेंद्र सिंह चौहान ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था को सुधारने के निर्देश देते हुए कारागार अधिकारियों के पेंच कसे। जेल में दो बंदियों की बीमारी से मौत की जानकारी ली। एडीजी ने बंदियों से अकेले में बात कर उनकी परेशानियों को भी जानने का प्रयास किया।
प्रदेश के एडीजी कारागार देवेंद्र सिंह चौहान शनिवार दोपहर एक बजे जिला कारागार पहुंचे। अचानक एडीजी के पहुंचने से कारागार अधिकारियों और स्टाफ में अफरातफरी मच गई। सबसे पहले जेल अस्पताल का निरीक्षण किया और वहां रखी दवाइयों के बारे में बारीकी से पूछताछ की।
पिछले दिनों बीमारी से मरे दो बंदियों के बारे में चिकित्सा प्रभारी डॉ चंद्रगुप्त से पूछताछ की गई। बंदियों का इलाज सही तरह से नहीं होने के आरोप बंदियों ने लगाए हैं। इस पर एडीजी ने डॉक्टरों को आड़े हाथ लिया और भविष्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
एडीजी ने अस्पताल की अन्य सुविधाओं की जानकारी भी मौजूद स्टाफ से ली। अस्पताल की साफ-सफाई से भी एडीजी संतुष्ट नजर नहीं आए। अस्पताल के स्टाफ से बंदियों के इलाज में कोताही नहीं बरतने के आदेश दिए । बीमारी के कारण बंदियों की मौत पर रोष जताया।
बंदियों की बैरकों में पहुंचे अौर उनसे समस्याओं के बारे में पूछा और उनसे जेल के हालात की जानकारी ली। इसके बाद एडीजी ने भंडारा, बैरकों, वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम आदि जगहों का निरीक्षण किया।
जेल के दस्तावेजों में दर्ज रिकार्ड को भी चेक किया। फाइलों के रखराव और स्टोर रूम में सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए।