मुजफ्फरनगर। बहेड़ी निवासी मृतक रॉकी के परिजनों ने एसएसपी से मिल कर उसकी हत्या की आशंका जताई है। एसएसपी ने परिजनों को मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहड़ी निवासी मांगेराम के बेटे रॉकी का शव 15 अप्रैल को रोहाना में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए है। जिससे परिजनों को उसकी हत्या की आशंका है। मृतक की बहन प्रीति व चाचा रामचरण इस संबंध में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने मिले। बताया कि रॉकी डीजे का काम करता था। 15 अप्रैल को पड़ोस में शादी थी, जहां पर रॉकी डीजे बजा रहा था। इस दौरान उसकी गांव के ही एक युवक के साथ कहासुनी हो गई थी। रॉकी जब डीजे बजाकर घर आया, तो उक्त युवक कुछ देर बाद ही उनके घर पहुंचा और रॉकी का बुलाकर ले गया था। उसके बाद रॉकी घर वापस नहीं आया। अगले दिन उसका शव रोहाना में रेलवे ट्रेक पर शव पड़ा मिला था। परिजनों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान है। उन्होंने उसकी हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने की आशंका जताई। परिजनों ने इस संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच कराये जाने की मांग की। एसएसपी ने जांच करा कर कार्रवाई का आश्वासन परिजनों को दिया है।