मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मिश्रित आबादी वाले मोहल्ले में मंगलवार रात युवक ने दूसरे समुदाय के मकान के घुसकर किशोरी से रेप का प्रयास किया। परिजनों के आने पर आरोपी युवक धमकी देकर फरार हो गया। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने से तनाव बन गया। कार्रवाई को लेकर शहर कोतवाली पर पीड़ित पक्ष ने हंगामा किया। मामले की जानकारी पाकर हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी कोतवाली आ गए। इंस्पेक्टर ने उन्हें समझा-बुझा कर शांत किया। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर पुलिस जांच-पड़ताल में लगी है।
शहर कोतवाली पर दी गई तहरीर के अनुसार किशोरी के पिता ने बताया कि मंगलवार रात पड़ोसी युवक उनके मकान में घुस आया। आरोप है कि आरोपी ने किशोरी से रेप का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर परिजन दौड़कर आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। मामले को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बन गया। मोहल्ले में भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर गई। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में आकर हंगामा किया। सूचना पर आरोपी पक्ष की ओर से हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी कोतवाली आ गए, जिससे वहां पर गरमागरमी का माहौल हो गया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने दोनों पक्षों को समझा-बुझा कर शांत किया। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
अगवा किशोरी बरामद
तितावी। पुलिस ने गांव सैदपुरा से अगवा किशोरी को बरामद कर लिया, जबकि आरोपी फरार है। कोर्ट में बयान के लिए किशोरी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। दो दिन पहले सैदपुरा की किशोरी को जागाहेड़ी का शादीशुदा विशेष संप्रदाय का युवक बहला-फुसला कर लेकर फरार हो गया था। इस संबंध में किशोरी के परिजनों की ओर से अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था। एसओ सूबे सिंह यादव ने बताया कि अपहृत किशोरी को बघरा से बरामद कर लिया है, जबकि आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। बृहस्पतिवार को किशोरी को कोर्ट में पेश कर बयान कराए जाएंगे।