खाकी ने उतारी युवाओं की खुमारी
मुजफ्फरनगर। नए साल की पूर्व संध्या पर भी लगातार दूसरे दिन पुलिस ने शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। शहर के मुख्य मार्गों व चौराहों पर चेकिंग करते हुए जहां सात युवकों को असलहे के साथ गिरफ्तार किया गया, वहीं शराब पीकर धमाचौकड़ी मचा रहे कई अन्य युुवाओं को भी हिरासत में लिया गया।
शहर क्षेत्र में तीनों थाना पुलिस द्वारा नए साल की पूर्व संध्या पर लगातार दूसरे दिन सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के मुख्यमार्गों व चौराहों पर चेकिंग करने के साथ ही शहर के होटल व ढाबों पर भी विशेष नजर रखते हुए देर रात तक इनमें जांच-पड़ताल की गई। इस दौरान शहर कोतवाली पुलिस ने तीन युवकों को असलहा के साथ गिरफ्तार किया। इनमें मोहल्ला किदवईनगर निवासी अबुजर पुत्र मौसम को तमंचे-कारतूस के साथ एटूजेड रोड से, गांव सुजड़ू के कूंगर पट्टी निवासी मतीन पुत्र यामीन को तमंचे के साथ मेरठ रोड से और मीरापुर के मोहल्ला दरबार निवासी तानू पुत्र तस्लीम को चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। इनके अलावा, पुलिस ने तीनों थाना क्षेत्रों में भी देर रात तक अभियान चलाते हुए शराब के नशे में हुड़दंग कर रहे कई युवकों को भी हिरासत में ले लिया है।