मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के आवेदनकर्ताओं से अवैध वसूली की जा रही है। कुछ लोग दबाव डालकर धनराशि मांग रहे हैं। मामले में शिकायत मिलने पर परियोजना अधिकारी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रधानमंत्री आवास योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है। आवास योजना में मिलने वाली धनराशि सीधे लाभार्थियों के खाते में भेजी जाती है, लेकिन कुछ बिचौलिए योजना का लाभ दिलाने के नाम पर वसूली कर रहे हैं। बीते दिनों मुजफ्फरनगर के मोहम्मद फुरकान तथा भोकरहेड़ी के नसीम को फोन करके धनराशि की मांग की गई। नगर के गहरा बाग निवासी महिला नसीमा ने भी डूडा में शिकायत कर पांच हजार रुपये लेने की शिकायत की थी। महिला ने डूडा कार्यालय में पूरी बात बताई थी। मंगलवार को डूडा के परियोजना अधिकारी संदीप सिंह ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। कहा कि एक महिला आवेदनकर्ताओं को योजना का लाभ दिलाने का लालच देकर दो-दो हजार रुपये की मांग कर रही है। जिस नंबर से आवेदनकर्ताओं को फोन किए जा रहे हैं, वह भी उपलब्ध कराए गए हैं।