सिपाही व उसकी पत्नी के साथ दुकान में मारपीट, एक गिरफ्तार
गौरीगंज। खरीदारी करने गई पत्नी से अभद्रता किए जाने की सूचना पर पहुंचे एक सिपाही को दुकानदार व उसके परिवारीजनों ने बंधक बना लिया। सिपाही के साथ उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की। सिपाही की पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
यह घटना गौरीगंज स्थित जायसवाल रेडीमेट सेंटर पर हुई। पुलिस के एक विशेष वाहन पर तैनात सिपाही की पत्नी अपनी तीन वर्षीय बेटी को लेकर सोमवार शाम कपड़ा खरीदने गई थी। महिला ने दुकानदार पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए अपने सिपाही पति को सूचना दी। सूचना के बाद सिपाही दुकान पर पहुंचा और घटना के बारे में पूछने लगा। आरोप है कि दुकादार मोनू ने अपने भाई अवनीश तथा पिता जितेंद्र को बुला लिया।
तीनों ने सिपाही व उसकी पत्नी को दुकान में बंधक बनाकर मारपीट की। दुकान से किसी तरह निकलकर थाने पहुंची सिपाही की पत्नी ने मोनू, अवनीश व जितेंद्र के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मंगलवार को तीनों के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ मोनू गिरफ्तार कर लिया। एसओ भरत उपाध्याय ने मंगलवार को केस दर्ज कर मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया।