एक लाख की नकदी से भरा थैला चोरी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। बैंक से पैसे निकालने के बाद बाजार में खरीदारी कर रहे किसान का चोरों ने साइकिल से एक लाख की नकदी से भरा थैला चुरा लिया। घटना की सूचना किसान ने पुलिस को दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव इटावा निवासी यशवीर पुत्र महाराज सिंह बुधवार को बैंक से पैसे लेने के लिए बुढ़ाना आया था। पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से यशवीर ने एक लाख रुपये निकाले। बैंक से पैसे थैले में डालकर किसान साइकिल से पैंठ बाजार में पहुंच गया। एक लाख की नकदी भरा थैला उसकी साइकिल पर टंगा हुआ था। दुकान के सामने साइकिल खड़ी करके वह खरीदारी करने लगा। इसी दौरान चोरों ने किसान का थैला चुरा लिया। खरीदारी करने के बाद किसान चलने लगा तो साइकिल पर थैला न पाकर वह हैरान रह गया। घटना की सूचना किसान ने पुलिस को दी है। इंस्पेक्टर चमन सिंह चावड़ा का कहना है कि किसान की सूचना पर चोरों की तलाश की जा रही है।
चाकू सहित युवक गिरफ्तार
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। गश्त के दौरान पुलिस ने कस्बे के कांधला रोड पर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को सुबह करीब सात बजे पकडे़ गए युवक के कब्जे से पुलिस ने एक चाकू बरामद किया। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया युवक बीर सिंह इटावा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।