युवक के अपहरण का मामला दर्ज
मुजफ्फरनगर। किदवईनगर से युवक के अपहरण के मामले में उसके भाई ने छह आरोपियों के खिलाफ बलवा, रंगदारी, अपहरण और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला किदवईनगर से बुधवार रात आबिद उर्फ बॉबी का अपहरण कर लिया गया था, जो बाद में वापस आ गया था। इस संबंध में उसके भाई फजले अब्बास ने शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि बुधवार रात घर में उसका बड़ा आबिद उर्फ बॉबी और मां मौजूद थी। तभी घर पर सुल्तान पुत्र फानू पहलवान, मोहम्मद पुत्र छोटे पहलवान, बंदर पुत्र इरशाद अवाल, इस्लाम पुत्र अज्ञात तथा चार पांच अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए। हमलावरों ने उसके भाई बॉबी के साथ मारपीट की। कहा कि बड़ा कारोबार करने के बाद भी रंगदारी नहीं देता। बाद में आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। आसपास के लोगों के एकत्रित हो जाने के कारण आरोपी बॉबी को घायलावस्था में छोड़कर भाग गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरामशीन मालिक को पीटा
पुरकाजी। कस्बे के मोहल्ला झोझगान निवासी साजिद अहमद की लक्सर रोड पर आरामशीन है। उसमें कस्बे का ही एक युवक काम करता था, जिसने कुछ दिन पूर्व काम करना छोड़ दिया था। बृहस्पतिवार शाम आरा मशीन स्वामी का पुत्र ओसामा उसके घर अपने बकाया पैसे मांगने गया था, जहां पर दोनों में कहासुनी हो गई। थोड़ी देर बाद वह युवक अपने भाइयों के साथ आरा मशीन पर पहुंचा और मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने आरा मशीन स्वामी की तहरीर पर आरोपी वसीम, काला, आबाद और उनके पिता शकूर निवासी पुरकाजी के विरुद्ध एनसीआर दर्ज की है।