सिखेड़ा। थाना क्षेत्र के एक गांव से पांच जुलाई को अपहरण की गई किशोरी मंगलवार को खुद घर लौट आई। पीड़िता ने मामले में एक युवक पर दुष्कर्म और उसके दो साथियों पर अपहरण का आरोप लगाया है। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी विगत पांच जुलाई को संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। पीड़ित परिजनों ने हरसंभव तलाश के बावजूद किशोरी का सुराग नहीं लगने पर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी, जिसे बाद में अपहरण में तरमीम कर दिया गया था। थाना पुलिस किशोरी की तलाश कर ही रही थी कि सोमवार रात वह खुद ही घर लौट आई, जिसे परिजन लेकर थाने जा पहुंचे। वहां पूछताछ में किशोरी ने गांव के ही दो युवकों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए उसे हरिद्वार ले जाने और वहां एक अन्य युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने अपहरण के मामले में दुष्कर्म की धाराओं को बढ़ाते हुए दुष्कर्म के आरोपी युवक को निराना मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने किशोरी का मेडिकल भी कराते हुए फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की भी तलाश शुरू कर दी है।