मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में भोपा रोड पर मखियाली गांव के पास हुए हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के बेटे की ओर से दूसरी बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला मिमलाना रोड निवासी मुनफेत (50) पुत्र शरीफ शुक्रवार सुबह किसी कार्य के लिए भोपा गया था। जहां से वह दोपहर बाइक से शहर लौट रहा था। भोपा रोड पर जब वह गांव मखियाली के पास पहुंचा तो तभी सामने से तेज गति से आती दूसरी बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें मुनफेत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार सोनू (25) पुत्र विजयपाल निवासी अतियाकलां, मंगलौर और उसका साथी घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर डायल-100 पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। मृतक के पास मिले मोबाइल से पुलिस को उसकी पहचान हुई। सूचना पर परिजन भी मौके पर आ गए। परिजन कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते थे, मगर पुलिस ने शव देने से इंकार कर दिया। बाद में मृतक के पुत्र इमरान की ओर से दूसरी बाइक चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कराया गया।
सड़क हादसे में दंपति और बच्चे घायल
मीरापुर। मीरापुर से मेरठ की ओर जा रहे बाइक सवार दंपति ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से घायल हो गए। जानसठ के गांव काटका निवासी अहसास अपनी पत्नी गुलशाना और दो बच्चों के साथ बाइक से मेरठ जा रहा था। निरंकारी सत्संग भवन रामराज के पास पहुंचा तो पीछे से खाली ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। चालक दुर्घटना करने के बाद अपने वाहन सहित भाग निकला। आसपास के लोगों ने घायल अहसास व उसकी पत्नी आदि को स्थानीय डाक्टर से उपचार दिलाया।