कॉलेज चौकीदार को बंधक बनाकर लूटपाट
मोरना। ककरौली के किसान इंटर कॉलेज के प्रांगण में खड़े चंदन का बेशकीमती पेड़ बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर काट डाला और लकड़ियां लूट ले गए। अगले दिन कॉलेज पहुंचने पर शिक्षकों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद प्रधानाचार्य की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। चंदन का पेड़ काटकर लूटे जाने की घटना से ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है।
ककरौली में जानसठ रोड स्थित किसान इंटर कॉलेज के प्रांगण में करीब 30 साल पुराना चंदन का पेड़ खड़ा था, जिसकी कीमत लाखों में थी। कॉलेज में बतौर चौकीदार मूलचंद काफी समय से नौकरी करता है और रात में कॉलेज में ही सोता है। बीती देर रात कुछ बदमाश कॉलेज की दीवार फांदकर भीतर घुस गए और अपने कमरे में सोए चौकीदार मूलचंद को हथियारों के बल पर बंधक बनाते हुए एक कमरे में बंद कर दिया। कॉलेज प्रधानाचार्य यशपाल सिंह के अनुसार बदमाशों ने मशीनों से बेशकीमती चंदन का पेड़ काट दिया और उसकी टहनियों को खुर्द-बुर्द मोटे तने साथ लाई गाड़ी में लादकर ले गए। अगली सुबह जब कॉलेज के शिक्षक ड्यूटी पर पहुंचे तो पेड़ गायब देख उनके होश उड़ गए। तत्काल कॉलेज चौकीदार की खोजबीन की गई तो वह एक कमरे में बंधक पाया गया, जिसके बाद उसने घटना की जानकारी दी। बेशकीमती चंदन का पेड़ लूटे जाने की सूचना पर एसओ जितेंद्र अंबावत मौके पर पहुंचे और प्रधानाचार्य व चौकीदार से घटना की जानकारी ली। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर कॉलेज पहुंचे ग्रामीणों ने भी घटना को लेकर कड़ा आक्रोश जताते हुए बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। एसओ ने बताया कि प्रधानाचार्य की तहरीर पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और बहुत जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।