जानसठ बाईपास के निकट हुआ हादसा, आरोपी चालक ट्रक छोड़कर फरार
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। हाईवे पर जानसठ बाईपास के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही खोई से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया।
भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव शिकारपुर निवासी बीर सिंह (45) पुत्र विशंभर बुधवार की रात ट्रैक्टर ट्रॉली में खोई लादकर जानसठ रोड स्थित पेपर मिल में जा रहा था। हाईवे पर जानसठ बाईपास के निकट पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जबरदस्त टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली बीच सड़क पर पलट गई और चालक बीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। उधर, हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। बीर सिंह के भाई सुभाष ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।