युवक ने अधेड़ पर हमला किया
मुजफ्फरनगर।
मोहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी में घर के बाहर खड़े होने से रोके जाने पर युवक ने अधेड़ पर ईंट से हमला कर दिया। बाद में आरोपी ने साथी के साथ मिलकर घायल अधेड़ पर फायरिंग कर दी, जिससे वह बाल-बाल बच गया। मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के दक्षिणी कृष्णापुरी निवासी मुजफ्फर अली ने तहरीर देकर बताया कि वह बुधवार को अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान उसने एक युवक को घर के पास स्थित खंभे के पास खड़े देख उससे वहां खड़े होने की वजह पूछते हुए वहां से हटने के लिए कहा। आरोप है कि मुजफ्फर अली के इतना कहते ही युवक ने उसके ऊपर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी टांग बुरी तरह से जख्मी हो गई। आरोप है कि इसके बाद युवक के पास ही बाइक पर खड़े एक अन्य साथी ने तमंचा निकालकर मुजफ्फर पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गोली लगने से बाल-बाल बच गया। मुजफ्फर के शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराते हुए अज्ञात में दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।