बिटावदा में ग्रामीण के घर चोरी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। गांव बिटावदा में गली में पहरा देने वाले युवकों के सोते ही चोर ग्रामीण के घर में घुस गए। दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने 32 हजार की नकदी व सोने चांदी के आभूषण चुरा लिए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बिटावदा में चोरों के आतंक के कारण गांव वाले गली में बैठकर स्वयं पहरा देते हैं। सोमवार को पूरी रात पहरा देने के बाद मंगलवार को सुबह करीब चार बजे पहरा देने वाले युवक अपने-अपने घरों में सोने के लिए चले गए। गांव वालों ने बताया कि पहरा खत्म होते ही चोर दीवार फांदकर इरशाद के घर में घुस गए। चोरों ने कमरे के अंदर रखी करीब 32 हजार की नकदी व सोने चांदी के आभूषण चुरा लिए। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। घटना की तहरीर इरशाद ने पुलिस को दी है।