हाईकोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज, दूसरे के दस्तावेज पर की सेना में नौकरी
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। हाईकोर्ट के आदेश के बाद दूसरे व्यक्ति के कागजों पर सेना में नौकरी करने और रिटायरमेंट के बाद फर्जीवाड़े से पेंशन हासिल करने के आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बिरालसी निवासी कंवरपाल ने करीब 35 साल पूर्व गांव के सुदेश के नाम के कागज लगाकर सेना में फर्जी रूप से नौकरी पा ली थी। सेना से करीब दो दशक पहले वह रिटायर हो गया, लेकिन आज तक सुदेश के नाम से ही पेंशन प्राप्त करता आ रहा है। शिकायतकर्ता संजय ने आरटीआई के माध्यम से फर्जीवाड़े के अभिलेख एकत्र कर लिए और आला अफसरों से आरोपी के कार्रवाई की गुहार लगाई। कंवरपाल ने सुदेश के कागजों पर नौकरी करने का मामला सामने आया था। इसके अलावा पुलिस की तहक़ीकात में सुदेश के आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने की बात भी सामने आई थी, जो कि पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। पुलिस ने कंवरपाल के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया था। शिकायतकर्ता ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए हाईकोर्ट की शरण ली। दो जजों की खंडपीठ ने मामले में एसएसपी को आरोपी के खिलाफ संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने कप्तान के आदेशों के अनुपालन में शनिवार को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।