मुजफ्फरनगर। शहर के शाहबुद्दीनपुर मोड़ पर शनिवार सुबह दिन निकलते ही हुुई मुठभेड़ में सिटी कोतवाली पुलिस ने 25 हजार के इनामी को धरदबोचा। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका इनामी साथी फरार हो गया। पकड़ा गया बदमाश मोबाइल टावर पर गार्ड को बंधक बनाकर बैटरी व सामान लूटने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जिनके खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
शहर कोतवाली इंस्पेक्टर अनिल कपरवान, एसएसआई समयपाल अत्री व एसआई अक्षय शर्मा शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बदमाशों की सूचना के आधार पर शाहबुद्दीनपुर रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आ रहे बिना नंबर की बाइक सवार दो बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया तो वह पुलिस टीम पर फायरिंग कर मिमलाना गांव की तरफ भागने लगे।
इस पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की तो एक बदमाश पैर में गोली लगने से बाइक समेत वहीं गिर पड़ा, जबकि दूसरा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सूचना पर एसपी सिटी सतपाल अंतिल व सीओ सिटी हरीश सिंह भदौरिया भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया बदमाश मूल रूप से बिजनौर के नजीबाबाद में कबाड़ी बाजार और हाल निवासी शाहबुद्दीनपुर रोड का नदीम उर्फ बौना पुत्र फैय्याज है, जबकि फरार हुए बदमाश की पहचान तितावी क्षेत्र के गांव बघरा निवासी बिलाल पुत्र खिलाफत के रूप में हुई है। पकड़े गए बदमाश के पास से तमंचा-कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, फरार हुआ बिलाल भी 25 हजार का इनामी है, जिसकी तलाश की जा रही है।