कोटेदार का शव गिठनी के पास नहर में मिला
- फोटो : अमर उजाला
धनघटा(संतकबीरनगर)। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बघौली गांव निवासी कोटेदार का शव शनिवार को महुली थाना क्षेत्र के गिठनी गांव के उत्तर स्थित सरयू नहर में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
बघौली गांव निवासी एवं कोटेदार दुर्गेश सिंह पुत्र स्वर्गीय राम बिहारी सिंह 40 वर्ष शुक्रवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे घर से बाइक से अपने साले देवेंद्र सिंह पुत्र चन्द्रभान सिंह निवासी गुलहठी थाना हरपुर बुदहट, जनपद गोरखपुर को छोड़ने घर से निकले थे।
शुक्रवार की शाम को गिठनी चौराहे से उत्तर स्थित सरयू नहर के पास नित्य क्रिया के लिए निकली महिलाओं ने वहा पर एक बाइक को देखा तो शोर मचाया। तो मौके पर पहुंचे लोगो ने इधर उधर ढूंढा, लेकिन कोई मिला नहीं। शनिवार की सुबह पिता को ढूंढते हुए कोटेदार का बेटा गिठनी पहुंचा तो पिता की बाइक देख पहचान लिया। वह घर पर सूूचना दिया तो कुछ और लोग पहुंच कर खोजने में उसकी मदद करने लगे।
करीब चार बजे शव सरयू नहर में मिला। इसकी सूचना पुलिस को दिया गया। मौके पर पहुंचे एसएसआई गौरव सिंह ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। महुली थाने के एसएसआई गौरव सिंह ने बताया कि शव को पास्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।