महिला हत्याकांड में मिले अहम सुराग
मुजफ्फरनगर। शांतिनगर में अधिवक्ता की पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस को काफी अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। बहुत जल्द वारदात का चौंकाने वाला खुलासा हो सकता है। उधर, जिला अस्पताल में भर्ती महिला की बेटी को छुट्टी मिल गई, जिसके बाद उसे घर भेज दिया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर निवासी अधिवक्ता सुंदरपाल की पत्नी ईशवती उर्फ छोटी की शनिवार देर रात लूटपाट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। बदमाशों ने घर में मौजूद अधिवक्ता की बेटी नीलम को जबरन नशे की दवा खिलाकर बेहोश कर दिया था। रविवार सुबह 11 बजे तक भी अधिवक्ता के घर के गेट नहीं खुलने पर शांतिनगर के ही निवासी उनके रिश्तेदार ने पड़ोसी की छत के रास्ते अंदर जाकर देखा, जिसके बाद वारदात का खुलासा हुआ था। महिला की लाश के पास ही बेहोश मिली बेटी नीलम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले में अधिवक्ता सुंदरपाल ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नई मंडी इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि घटना की जांच में लगी टीमों को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनकी आधार पर जांच करते हुए पुलिस घटना के खुलासे के काफी नजदीक पहुंच गई है। उधर, जिला अस्पताल में भर्ती अधिवक्ता की बेटी नीलम को स्वास्थ्य लाभ के बाद छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद परिजन उसे घर ले गए हैं। हालांकि किशोरी बदहवासी की हालत में होने के चलते फिलहाल कुछ भी बता नहीं पा रही है।