महिला के घर पर हमला बोला
मुजफ्फरनगर। गांव सहावली में असामाजिक तत्वों ने एक महिला के घर हमला कर दिया। उसे बचाने पहुंचे कई ग्रामीणों को आरोपियों ने घायल कर दिया। ग्रामीणों ने ही आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव सहावली निवासी किरणपाल ने तहरीर देकर बताया कि गांव में कुसुम नामक एक महिला किराए पर परिवार समेत रहती है। गांव के ही कुछ असामाजिक तत्व महिला को परेशान करते हैं। आरोप है कि रविवार शाम उक्त युवकों ने एकराय होकर महिला के घर पर हमला कर दिया। पीड़िता की चीखपुकार सुनकर गांव निवासी कुलदीप, विकास, सतीश, सोनू व दीपक वहां पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
लेनदेन के विवाद में युवक पर छुरी से हमला
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव रथेड़ी निवासी कल्लू ने तहरीर देकर बताया कि उसके भाई राकिब का गांव के ही कुछ लोगों से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि 25 अगस्त की रात गांव निवासी ढोला, फिरोज, वाजिद व दो अज्ञात युवकों ने राकिब के साथ मारपीट करते हुए उसके सिर में छुरी मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।