बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। मदंवाड़ा रोड पर पुलिस और बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ में बाइक सवार एक बदमाश को दबोच लिया। उसके दो साथी पुलिस से बचकर भागने में सफल हो गए। पुलिस की गोली से घायल हुए बदमाश को जिला चिकित्सालय में भेजा गया है। पकड़ा गया बदमाश पांच हजार का इनामी है।
इंस्पेक्टर चमन सिंह चावड़ा को शुक्रवार को देर शाम मंदवाड़ा रोड पर बदमाशों के होने की सूचना मिली। इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मंदवाड़ा रोड पर पहुंचे। पुलिस ने सामने से आते एक बाइक सवार तीन युवकों को टॉर्च से इशारा कर रोकने की कोशिश की। बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर किया। फायर करते ही बदमाश बाइक सड़क पर डालकर खेतों की ओर भागे। पुलिस ने भी जवाबी फायर किया। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को पुलिस ने पकड़ लिया। दो बदमाशों की तलाश पुलिस ने कांबिंग की, लेकिन बदमाश गन्ने के खेतों में फरार हो गए। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की।
पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश फुरकान मंदवाड़ा गांव का रहने वाला है। वह वर्ष 2016 में थानाभवन में पड़ी डकैती और एक जुलाई को मंदवाड़ा में हुई लूट के मामले में भी फुरकान फरार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि फुरकान के खिलाफ विभिन्न अपराधों में कई मुकदमे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि करीब 20 दिन पहले फुरकान पर पांच हजार का इनाम घोषित हुआ है। पैर में गोली लगने से घायल फुरकान को पुलिस ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है।