मांस व कटान के उपकरण समेत दबोचा युवक
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने सोमवार शाम बचनसिंह पुलिया के निकट चेकिंग के दौरान मांस ले जा रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया। एसआई धीरज सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी गांव गढ़ी सरवट निवासी गुलबहार पुत्र असलम है, जिसके पास से 20 किलो मांस, दो छुरी व एक गंड़ासा बरामद किया गया है। जांच में उक्त मांस प्रतिबंधित पशु का पाया गया है। आरोपी के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
चोरी के मोबाइल समेत दबोचे दो युवक
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सोमवार देर शाम चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। इंस्पेक्टर नवरत्न गौतम ने बताया कि तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से पांच महंगे मोबाइल बरामद किए गए, जो जांच में चोरी के पाए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी के मोबाइलों की खरीद-फरोख्त करने की बात कबूल की है। पकड़े गए आरोपियों में मोहल्ला लद्दावाला निवासी सुहेल पुत्र जहीर और मिमलाना रोड वकील का बाग निवासी शुएब पुत्र शहजाद शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।