ग्राम प्रधान के बेटे पर फायरिंग से हड़कंप
चरथावल। मुजफ्फरनगर से दवा लेकर लौट रहे सैदनंगला के प्रधान पुत्र को बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से रोकने का प्रयास किया। बाइक नहीं रोकने पर प्रधान पुत्र पर फायरिंग कर दी गई, जिस पर उसने खेतों में घुसकर बमुश्किल जान बचाई। वहां से युवक ने ग्रामीणों को घटना की सूचना दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुुंचकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
थाना क्षेत्र के गांव सैदनंगला के प्रधान मुस्तफा का बेटा कमरूज्जमां बृहस्पतिवार देर शाम मुजफ्फरनगर से दवा लेकर बाइक पर लौट रहा था। जैसे ही वह दधेड़ू-सैदनंगला के बीच पहुंचा, अचानक खेतों से निकले चार-पांच बदमाशों ने उसे रोकने का प्रयास किया। बदमाशों को देख युवक ने बाइक दौड़ाते हुए वहां से भागने का प्रयास किया, जिस पर बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। किसी तरह युवक ने बचकर खेतों में बाइक घुसा दी और वहां से गांव में फोन कर ग्रामीणों व परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस पर ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना देकर ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर दौड़ लगा दी। उधर, पुलिस भी मौके पर जा पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
-