भाई के स्थान पर पेशी पर आए युवक को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। अपने भाई के स्थान पर अदालत में पेशी पर आए युवक को कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अम्बर रावत की अदालत में सोमवार को रामराज पुलिस द्वारा दर्ज मुठभेड़ में पुलिस पर कातिलाना हमला करने के आरोपी वकील पुत्र नसीर, निवासी मौहल्ला सद्दीक नगर खतौली निवासी की पेशी थी। वकील के जगह उसका भाई हसीन ने मुकदमे की फाइल पर दस्तखत करने चाहा, जिसको रामराज पुलिस ने पहचान लिया गया। इस फर्जीवाडे़ की शिकायत न्यायाधीश को की। इस पर न्यायाधीश ने हसीन को हिरासत में लेने का आदेश जारी किया। इसके तहत सिविल लाइन पुलिस ने हसीन को गिरफ्तार कर लिया गया। सिविल लाइन थाने पर हसीन पर अदालत के साथ धोखाधड़ी करने के जुर्म में मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर सिविल लाइन डीके त्यागी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है, उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।