मामूली बात को लेकर इमाम से बदसलूकी
मुजफ्फरनगर। मस्जिद के इमाम से गाली-गलौज करने पर हंगामा हो गया। कमेटी के लोग आरोपी किराएदार से दुकान खाली कराने लगे तो उसने मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलवाया है।
शहर कोतवाली के लद्दावाला में स्थित मस्जिद नबी करीम की कमेटी के लोग चंदा इकट्ठा कर रहे थे। आरोप है मस्जिद की दुकान में किराएदार युवक ने इमाम से गाली-गलौज कर दी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। रोजा खुलने का समय होने के कारण उस समय तो लोग वापस चले गए, लेकिन बाद में नमाज के वक्त मस्जिद में भीड़ इकट्ठा हुई तो लोगों को मामले का पता चला। इमाम से दुर्व्यवहार का पता चलने पर लोगों ने आरोपी किराएदार को घेर लिया और दुकान खाली करने को कहा।
उसने दुकान खाली करने से इंकार कर दिया। इस बात को लेकर मौके पर हंगामा हो गया। मस्जिद के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से मामले की जानकारी ली। जिम्मेदार लोग मामले को सुलझाने के प्रयास में जुटे थे। चौकी इंचार्ज आदेश त्यागी ने बताया कि मामूली सा विवाद था, दोनों पक्षों ने बैठकर निपटा दिया है।