पुलिस ने महिला को मुक्त कराया, आरोपी दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। शहर निवासी एक मकान में महिला को अपहरण के बाद बंधक बनाकर रखने और दुष्कर्म करने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। डायल-100 टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को बंधनमुक्त कराते हुए आरोपी को भी दबोच लिया। पीड़िता ने आरोपी पर करीब डेढ़ माह से अपहरण के बाद नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस कंट्रोल रूम को रविवार शाम करीब सात बजे एक महिला ने फोन कर बताया कि उसका करीब डेढ़ माह पूर्व जानसठ क्षेत्र के गांव से अपहरण कर लिया गया था और उसे शाहबुद्दीनपुर रोड पर एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही डायल-100 तत्काल मौके पर पहुंची और बताए गए मकान में दबिश देकर महिला को मुक्त कराते हुए उसके कमरे में मौजूद एक युवक को भी हिरासत में ले लिया। थाने लाए जाने के बाद महिला ने पकड़े गए युवक पर अपहरण के बाद से ही नौकरी दिलाने का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म करते रहने का भी आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। पूछताछ में पकड़ा गया आरोपी लगातार अपने नाम बदल-बदलकर बताते हुए पुलिस को गुमराह करता रहा, जिस पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। वहीं, महिला के परिजनों को उसकी बरामदगी की सूचना दे दी गई है। एसएसआई समयपाल अत्री ने बताया कि महिला को मुक्त कराते हुए पकड़े गए युवक को भी हिरासत में ले लिया गया है। महिला के परिजनों के आने के बाद जो भी तहरीर दी जाएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।