मुठभेड़ के बाद मुकदमे के विरोध में 17 को धरना
चरथावल। ग्राम महाबलीपुर निवासी युवक पर मुठभेड़ के बाद मुकदमा दर्ज करने का ग्रामीणों ने विरोध किया। भाकियू नेताओं के नेतृत्व में गांव में हुई पंचायत में मुकदमा वापस कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर 17 सितंबर से थाने पर धरना देने का ऐलान किया गया।
ग्राम महाबलीपुर से युवक मुन्नू सिंह उर्फ संदीप को उठाकर पिलखनी मोड़ पर मुठभेड़ में घायल करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों के अनुसार एसपी सिटी ओमबीर ने धरने के दौरान फर्जी मुकदमा दर्ज न करने का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया था। लेकिन पुलिस ने नई मंडी थाने के वारंट के अलावा मुन्नू पर पुलिस मुठभेड़ के बाद कई धाराएं लगा दी। शुक्रवार को भाकियू के मंडल अध्यक्ष धीरज लाटियान के नेतृत्व में ग्राम महाबलीपुर में पंचायत हुई। किसानों का आरोप था कि पुलिस ने फर्जी कार्रवाई की है। कहा कि तीन दिन के अंदर पुलिस ने फर्जी मुकदमा वापिस नहीं किया। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो 17 सितंबर से पीड़ित परिवार और भाकियू धरना प्रदर्शन करेगी। एसएसपी के नाम ज्ञापन पंचायत में पहुंचे कुटेसरा चौकी प्रभारी राज कुमार सिंह को सौंपा गया। इस दौरान कपिल चौधरी, राजेंद्र चौधरी, सत्यवीर सिंह, संजीव चौधरी पूर्व प्रधान, तोहिद, सतेंद्र चौधरी, डॉ. शिवचरण सिंह, गुलबीर सिंह, महाबीर सिंह, रामपाल सिंह, गंगाराम मौजूद रहे।