संदिग्ध हालात में लापता हुआ व्यापारी
मुजफ्फरनगर। गांव पीनना निवासी परचून कारोबारी संदिग्ध हालात में लापता हो गया। उसका मोबाइल भी लगातार स्विच ऑफ जा रहा है। परिजनों ने हरसंभव तलाश के बाद अनहोनी की आशंका जताते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना निवासी संजय मित्तल गांव में ही परचून की दुकान करता है। सोमवार शाम करीब चार बजे वह दुकान का सामान खरीदने के लिए बाइक से मुजफ्फरनगर आया था। इसके बाद से ही व्यापारी संदिग्ध हालात में लापता हो गया और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया, तभी से परिजन संजय मित्तल की तलाश कर रहे हैं, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। थक-हारकर परिजनों ने मंगलवार को पुलिस को व्यापारी के लापता होने की सूचना दी, जिस पर पुलिस ने व्यापारी की कॉल डिटेल निकलवाई। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि तहरीर के आधार पर व्यापारी की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। व्यापार की लास्ट लोकेशन जानसठ क्षेत्र में पाई गई है। जांच में उसका कुछ लोगों से लेनदेन का भी विवाद बताया जा रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। जल्द ही व्यापारी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।