चरथावल। हैबतपुर गांव में राशन डीलर के यहां सूची में नाम देखने गए ग्रामीण को कमरे में बंधक बनाकर पिटाई की गई। पीड़ित ने डीलर समेत तीन के खिलाफ जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और बंधक बनाकर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
हैबतुपर निवासी सन्नी कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि राशन डीलर पवन कुमार की दुकान पर गया था। उसने डीलर से रजिस्टर में अपने और परिवार का नाम दिखाने के लिए कहा। राशन सूची में नाम नहीं होने पर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि डीलर ने उसके साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी। मामला बढ़ने पर डीलर का भाई और अन्य युवक मौके पर आ गए। आरोप है कि तीनों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते कमरे में बंद कर लाठी डंडों और लात घूसों से उसकी धुनाई की। इससे वह घायल हो गया। पीड़ित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायल की तहरीर पर डीलर समेत तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।