कब्जे की जमीन पर बनाए जा रहे थे पीएम आवास
मीरापुर। कस्बे में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अवैध कब्जे की जमीन पर बनाए जा रहे 13 मकानों का निर्माण कार्य एसडीएम जानसठ के आदेश पर रुकवा दिया गया। एसडीएम ने मामले में जांच के भी आदेश दिए हैं, जिससे भूमाफिया में हड़कंप मचा हुआ है।
कस्बे के मोहल्ला कमलियान में डूडा द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 13 मकानों का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान क्षेत्र के कुछ लोगों ने एसडीएम जानसठ विजय कुमार से शिकायत कर बताया कि उक्त योजना में मकान बनवा रहे लोगों ने कच्चा-पक्का शिवमंदिर के तालाब की जमीन पर अवैध कब्जे किए हुए हैं और इन्हीं अवैध कब्जों की जमीन पर ये आवास बनवाए जा रहे हैं। इस निर्माण कार्य के लिए डूडा की ओर से सभी 13 लोगों को 50-50 हजार रुपये की प्रथम किस्त आवंटित की जा चुकी है और दूसरी किस्त का भी जल्द आवंटन होना है। एसडीएम ने शिकायत के आधार पर तत्काल लेखपाल राजीव लोचन व कानूनगो चरणसिंह को मौके पर जाकर जांच के आदेश दिए तो जमीन वास्तव में अवैध कब्जे की पाई गई। इस पर कानूनगो की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से निर्माणाधीन सभी 13 मकानों का निर्माण कार्य रुकवाते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एसडीएम ने बताया कि तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा कर पीएम आवास योजना के तहत मकान बनवाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी। एसडीएम की इस कार्रवाई से अवैध कब्जा धारकों में हड़कंप मचा हुआ है।
चरस के साथ दबोचा युवक
मीरापुर। पुलिस ने शुक्रवार देर रात हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध हालात में घूम रहे युवक को हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 200 ग्राम चरस बरामद की गई, जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़ा गया आरोपी राधे शर्मा निवासी ग्राम खिमावती थाना मुरादनगर जिला गाजियाबाद है, जिसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।