किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास
मुजफ्फरनगर। शहर की एक बस्ती निवासी किशोरी के साथ उसके घर में घुसकर चरथावल क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर लहूलुहान कर दिया गया। पीड़िता ने तहरीर देकर आरोपी पर तीन साल पूर्व अश्लील क्लिप बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए दोस्तों से भी दुष्कर्म कराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक बस्ती निवासी किशोरी ने तहरीर देकर बताया कि वह शनिवार सुबह घर पर अकेली थी। आरोप है कि चरथावल क्षेत्र के गांव निवासी युवक अपने दोस्त व चाचा के साथ घर में घुस गया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी के साथ मारपीट कर उसे लहूलुहान कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि उक्त युवक करीब तीन साल से लगातार उसके साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता आ रहा है, जिसकी उसने मोबाइल से अश्लील क्लिप भी बनाई हुई है। किशोरी के मुताबिक उक्त क्लिप वायरल करने की धमकी देकर युवक अपने साथियों से भी उसके साथ दुष्कर्म करा चुका है। करीब सात माह पूर्व इस संबंध में चरथावल थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने मामला रफादफा कर दिया था, जिसके बाद पीड़िता अपने पिता के साथ शहर क्षेत्र में आकर किराए के मकान में रहने लगी थी। शनिवार को आरोपी ने यहां आकर भी किशोरी के साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि उनके यहां केवल मारपीट की गई है, जिसकी जांच की जा रही है। दुष्कर्म करने व क्लिप बनाने का मामला चरथावल क्षेत्र का है, जिसकी जांच वहीं की जा सकेगी।