पुलिस को चकमा देकर किया समर्पण
मीरापुर। गांव बलीपुरा के कुलदीप हत्याकांड में नामजद शिवकुमार उर्फ शिब्बू ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव बलीपुरा निवासी कुलदीप पुत्र बिल्लू की सात जून को गांव की ही युवती से प्रेम-प्रसंग के चलते युवती के भाइयों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। कुलदीप के पिता बिल्लू ने हत्या में युवती के भाइयों मनीष व शिवकुमार उर्फ शिब्बू समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्यारोपी मनीष को पुलिस ने सात जून को ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं। सोमवार को कुलदीप हत्याकांड में नामजद युवती के दूसरे भाई शिवकुमार उर्फ शिब्बू ने पुलिस को चकमा देते हुए कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जिसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। हत्या के दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर पंकज त्यागी ने बताया कि शिवकुमार उर्फ शिब्बू के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ का भी मामला दर्ज है, जिसे रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जाएगी।