लुटेरे को रिमांड पर लेकर नकदी और जेवर बरामद
मुजफ्फरनगर। शहर के रुड़की रोड पर महिला से हजारों की नकदी व जेवरात लूटने के आरोपी लुटेरे को सिविल लाइंस पुलिस ने रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर लूटी गई नकदी और जेवर बरामद कर लिए हैं। रिमांड अवधि पूरी होने पर लुटेरे को फिर जेल भेज दिया गया।
शहर के मोहल्ला रामपुरी निवासी रतन सिंह की पत्नी मुकेश देवी से 20 मई को रुड़की रोड स्थित बैंक्वेट हॉल के पास शादी-समारोह से लौटते समय एक लुटेरे ने 15 हजार की नकदी, सोने की अंगूठी व कुुंडल लूट लिए थे। पुलिस ने अज्ञात मेें लुटेरे के खिलाफ मामला दर्ज किया था। करीब एक सप्ताह पूर्व उत्तराखंड के मंगलौर में एक युवक को लूटपाट करते हुए राहगीरों ने रंगेहाथ पकड़कर जमकर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले किया था। पुलिस के मुताबिक जिस स्थान पर लुटेरे को पकड़ा गया था, वहीं रतनसिंह का एक रिश्तेदार खड़ा था। उसने मोबाइल से लुटेरे का फोटो खींचकर रतन सिंह को भेज दिया था। रतन सिंह की पत्नी मुनेश देवी ने उक्त लुटेरे को पहचानते हुए सिविल लाइंस पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। इंस्पेक्टर नवरत्न गौतम ने बताया कि सोमवार को रुड़की जेल में बंद लुटेरे नादिर, निवासी कलियर को छह घंटे के रिमांड पर लेकर पूछताछ करते हुए उसकी निशानदेही पर छिपाकर रखी गई मुनेश देवी से लूटी गई 15 हजार की नकदी व अंगूठी-कुंडल बरामद कर लिए गए। रिमांड अवधि पूरी होने पर लुटेरे को फिर से जेल में दाखिल करा दिया गया।