दहेज हत्या के आरोप में पति, सास और ससुर गिरफ्तार
देवबंद (सहारनपुर)। नूरपुर गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत होने के मामले में पुुलिस ने हत्या के आरोप में पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज किया था।
शनिवार को नूरपुर गांव में दीपक की पत्नी मीनाक्षी का शव कमरे में फांसी पर लटका मिला था। ससुरालियों का कहना था कि मीनाक्षी ने आत्महत्या की है। तर्क दिया था कि शादी के आठ वर्ष बाद भी कोई संतान न होने के चलते मीनाक्षी परेशान रहती थी और इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है। जबकि मृतका के परिजनों ने दामाद समेत ससुरालियों पर दहेज की मांग के चलते बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया था। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। कोतवाल आनंद देव मिश्रा ने बताया कि रविवार को मेरठ के रविंद्र पुरी निवासी मृतका की मां राज्जो देवी की तहरीर पर पति दीपक, सास किरण और ससुर किशनपाल के विरुद्ध दहेज हत्या और एससी/एसटी के तहत रिपोर्ट दर्ज करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है।