शामली/कैराना। कैराना क्षेत्र के गांव जहानपुरा में तीन गाड़ियों में सवार 10-12 लोगों ने एक युवक को उठा लिया और गाड़ी में डालकर फरार हो गए। परिजनों ने युवक के अपहरण की सूचना दी तो पुलिस में हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर शामली पुलिस ने गांव बलवा गेट के आसपास युवक की तलाश में कांबिंग की। बाद में पुलिस ने दावा किया कि युवक को दिल्ली की क्राइम ब्रांच की टीम किसी मामले में पूछताछ के लिए ले गई है।
रविवार तड़के करीब चार बजे गांव जहानपुरा में तीन गाड़ियों में सवार 10-12 लोग पहुंचे। उन्होंने गांव निवासी युवक को उठा लिया तथा गाड़ी में डाल कर शामली की तरफ ले गए। परिजनों ने गाड़ी का पीछा किया, लेकिन शामली क्षेत्र में दिल्ली रोड पर बलवा गेट के आसपास गाड़ी दिखाई देना बंद हो गई। परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर युवक के अपहरण की सूचना दी।
सूचना पर डायल 100 के साथ ही शामली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास खेतों में कांबिंग की और लोगों से पूछताछ कर जानकारी ली, लेकिन गाड़ी और उसमें सवार लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद युवक के भाई ने कैराना कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा को फोन पर भाई का अपहरण किए जाने की सूचना दी। कोतवाल ने पीड़ित को कोतवाली आकर मामले की जानकारी देने को कहा। साथ ही कैराना पुलिस ने उच्चाधिकारियों को जानकारी देकर युवक की तलाश शुरू कर दी। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि युवक के अपहरण की सूचना मिली थी। जांच करने पर पता चला कि उसे दिल्ली की क्राइम ब्रांच की टीम किसी मामले में पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।