मुठभेड़ में पुलिस ने तीन बदमाशों को पकड़ा
सिखेड़ा (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया। तीनों बदमाश हत्या के मामले में चार वर्ष से फरार चल रहे थे। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
सिखेड़ा थाना में प्रेस वार्ता करते हुए नई मंडी सीओ आरके गौतम ने बताया कि शनिवार की शाम को गांव मोधपुर तिराहा से बदमाशों द्वारा किसी घटना को अंजाम देने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर मुठभेड़ में तीन बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों में मोघपुर के अजय, विकास, सुरेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर 31 जुलाई 2013 को गांव मोधपुर में मामूली विवाद के चलते प्रवेन्द्र पुत्र शिवकुमार की उसके घर के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक पक्ष ने गांव निवासी अजय पुत्र सुरेश, विकास पुत्र सुरेश व सुरेश पुत्र चंद्रभान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। ये तीनों बदमाश उसी दिन से फरार चल रहे थे। एसएसपी द्वारा बदमाशों पर पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों से तीन तमंचे व कारतूस तथा बाइक बरामद की है।