युवक के साथ मारपीट में छह नामजद
मोरना। कस्बा भोकरहेड़ी में बुधवार की शाम को युवक पर हमला करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर छह आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्जकर लिया है।
कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला सेठपुरी निवासी सूरजपाल डायरेक्टर ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि बुधवार की शाम को उसका भतीजा सनी कुमार पुत्र कर्मपाल अपनी मां कविता देवी को बाजार में डॉक्टर के यहां दवाई दिलवाने के लिए जा रहा था। बाजार में पहुंचने पर रवि उर्फ चिंकारा पुत्र ब्रहमपाल, रजत पुत्र हरेंद्र, दीपांशु उर्फ मुन्ना पुत्र राजेंद्र, शिवम पुत्र संजीव व दो अज्ञात युवकों ने उसके साथ कहासुनी के बाद मारपीट करते हुए घायल कर दिया। युवक के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले। मारपीट की खबर मिलने पर परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी देकर घायल सनी को मोरना अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। भोपा थाना प्रभारी मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।