नर्सिंगहोम कर्मचारी से मारपीट
खतौली। नर्सिंग होम के कर्मचारी के साथ रंजिश में कार सवारों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि इन लोगों ने जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर तमंचा तान दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
नगर के एक नर्सिंगहोम पर कार्य करने वाले ककरौली क्षेत्र के गांव जड़वड़ निवासी रजनीश कुमार जातला पुत्र राजपाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह सोमवार को नर्सिंग होम पर काम कर रहा था। इस दौरान गांव सिलाजुड्डी निवासी सरदार दलबीर सिंह अपने तीन साथियों के साथ कार में बैठकर आया। इन लोगों ने उसके गले में तार डालकर बाहर खींच लिया और मारपीट करनी प्रारंभ कर दी। आरोप है कि इन लोगों ने जान से मारने की नीयत से तमंचा तान दिया। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।