अमर उजाला ब्यूरो
भौराकलां। गांव शिकारपुर-सदरूद्दीननगर मार्ग पर शुक्रवार की शाम बदमाशों ने देवर-भाभी को आतंकित कर नकदी-जेवरात लूट लिए। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
गांव शिकारपुर निवासी अमन अपनी भाभी के साथ बाइक पर चरथावल क्षेत्र के गांव खुसरोपुर से घर लौट रहा था। शाम करीब 5.30 बजे शिकारपुर-सदरूद्दीननगर मार्ग पर तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और गोली मारने की धमकी देते हुए अमन से दो हजार रुपये और उसकी भाभी से सोने के कड़े, चांदी की पाजेब व मोबाइल लूट लिया। इसके बाद बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। चौकी प्रभारी एसआई इंतजार अहमद मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रहे हैं।
कूड़े को लेकर भिड़े दो पक्ष, पांच घायल
भोपा। कासमपुरा गांव में शुक्रवार की शाम कूड़ा डालने के मामूली विवाद में मिथुन और अमित के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के परिजन लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए स्थिति पर काबू पाया। संघर्ष में रवि, विकास और दूसरे पक्ष से प्रमोद, बालेंद्र व रामप्यारी घायल हो गए, जिन्हें पीएचसी ले जाकर उपचार दिलाया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।