अमर उजाला ब्यूरो
मीरापुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने पेड़ा विक्रेता के प्रतिष्ठान पर छापेमारी कर पेड़ा निर्माण स्थल से तैयार मिठाई और मावे के छह नमूने लिए। इस दौरान आपूर्ति निरीक्षक ने 33 घरेलू सिलिंडर भी पकड़े। नगर पंचायत की टीम ने 77 किलो पालीथिन बैग बरामद करते हुए 25 हजार का जुर्माना वसूला।
अभिहित अधिकारी विनीत कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार, विकास कुमार, प्रेमचंद, ईके त्रिपाठी, सुपरवाइजर किशनलाल ने मीरापुर पुलिस के साथ कस्बे के मुख्य बाजार में पेड़ा व्यापारी प्रभात कुमार की दुकान पर छापा मारा। दुकान के पीछे एक गोदाम में बड़े पैमाने पर तैयार किये जा रहे पेड़े, तिलबुग्गे, बर्फी तथा मावे का परीक्षण किया। इन अधिकारियों ने मौके से पेड़ा, बर्फी, मावा व नारियल बुरादे के नमूने लिए। एसडीएम जानसठ विजय कुमार, आपूर्ति निरीक्षक रजनी चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मिठाई बनाने के लिये प्रयोग किये जा रहे घरेलू गैस सिलिंडरों पर आपत्ति की और 33 कब्जे में लिए। उधर, नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक संजीव शील, शुभम वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां से 77 किलो पालीथिन बरामद की। दुकानदार से 25 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष कन्हैयालाल माहेश्वरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल एसडीएम विजय कुमार से मिला और छापे की कार्रवाई का विरोध किया। व्यापारियों ने कहा कि त्योहार के मौके पर छापे की कार्रवाई के दौरान व्यापार मंडल को विश्वास में लेना चाहिये। अधिकारियों ने भविष्य में व्यापार मंडल को साथ लेने का भरोसा दिलाया। इससे पूर्व इस टीम ने गांव मुकल्लमपुरा में मावा बनाने वाले दो भाइयों सतप्रकाश व बाबूराम के यहां तैयार किये जा रहे मावे के नमूने लिये।