जंगल में नरकंकाल मिलने से सनसनी फैली
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। गन्ना शोध संस्थान केंद्र के जंगल में नर कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने कई हिस्सों में बिखरे पड़े कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। माना जा रहा है कि इस व्यक्ति की हत्या कर यहां शव फेंका गया है। मौके से मृतक की चप्पल, पैंट भी मिली है। सीओ सिटी ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरकुलर रोड स्थित गन्ना शोध संस्थान के जंगल में बुधवार सुबह कुछ लोगों ने नरकंकाल पड़ा देखा। कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइन इंस्पेक्टर डीके त्यागी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी हरीश भदौरिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कई हिस्सो में बंटे नर कंकाल को एकत्र किया। एक झाडी में मृतक की खोपड़ी पड़ी मिली। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। माना जा रहा है कि इस व्यक्ति की हत्या करके शव को यहां फेंका गया है।