मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीनपुर रोड उत्तरी लद्दावाला निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी एमकॉम की छात्रा है। विगत 20 जुलाई को कॉलेज के लिए घर से निकली थी, लेकिन न तो कॉलेज पहुंची और न ही घर लौटी। तलाश की गई तो पता चला कि मोहल्ले का ही शादीशुदा युवक अपने भाई के साथ उसको बाइक पर बैठाकर ले गया है। जब वे आरोपी के घर पहुंचे तो वह नहीं मिला। परिजनों ने आरोपी युवक पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए अनहोनी की आशंका जताकर उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लाख हड़पे
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आबकारी निवासी सुनील वाल्मीकि ने तहरीर देकर बताया कि कुछ दिन पूर्व केशवपुरी निवासी एक व्यक्ति ने उससे बेटे को दवा कंपनी में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि इसके लिए आरोपी ने 3.10 लाख रुपये भी लिए थे, लेकिन अब तक उसके बेटे की नौकरी नहीं लगी। जब इस बाबत आरोपी से पूछा गया तो वह धमकी देने लगा। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जंगली जानवर के साथ पकड़े दो युवक
तितावी। अमीरनगर गांव में दबिश देकर पुलिस ने वध के लिए लाए गए जंगली जानवर को मुक्त कराते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना पुलिस ने रविवार को सूचना के आधार पर गांव अमीनगर में एक मकान पर दबिश देकर कमरे में बांधकर रखे गए जंगली जानवर को मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से गांव निवासी कन्हैया व मनोज को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक जंगली जानवर को वध करने के लिए जंगल से पकड़कर लाए थे, जिसे मुक्त कराते हुए वन विभाग के हवाले कर दिया गया। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने जंगली जानवर को फिर से जंगल में छुड़वा दिया। एसओ सूबे सिंह यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।