किशोरी के साथ सामूहिक दुराचार का आरोप
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। कोतवाली क्षेेत्र के एक ग्रामीण ने अपने ही गांव के एक युवक सहित तीन युवकों पर नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुराचार का आरोप लगाया है। लड़की के पिता ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को तहरीर देते हुए बताया कि वह भट्ठे पर मजदूरी करता है। उसकी नाबालिग बेटी अपने ताऊ के पास कस्बे में रहती है। आरोप है कि सात नवंबर को उसकी बेटी अपनी ताई के साथ खेत में गई थी। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। तीनों युवकों ने उसकी बेटी को बहला फुसलाकर तथा नशीला पदार्थ सूंघाकर अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी बेटी के साथ सामूहिक रेप किया। बदहवास हालत में तीनों युवक उसकी बेटी को कांधला रोड पर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। उसकी बेटी अपने मामा के यहां कांधला पहुंची। उसने आपबीती बताई। ग्रामीण ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव ने ग्रामीण के शिकायती पत्र को एसएचओ को भेजकर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।