किराया मांगने पर फायरिंग
मुजफ्फरनगर (मुजफ्फरनगर)।
मोहल्ला खादरवाला में दुकान स्वामी के किराया मांगने पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने गालीगलौज कर मारपीट की। विरोध करने पर फायरिंग कर दी। पीड़ित दुकान स्वामी की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ पाए।
मोहल्ला खालापार निवासी चौधरी अबलू पुत्र ग्यासुद्दीन ने खादरवाला में तीन दुकानें किराए पर दे रखी हैं, जिनमें जरीफ, जमील आदि कारोबार करते हैं। अबलू का आरोप है कि किराएदारों पर काफी समय से किराया बाकी चल रहा है। बीते दिनों अबलू ने आरोपियों से किराया मांगा तो मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जरीफ, जमील आदि ने अपने साथियों के साथ मिलकर अबलू के साथ मारपीट की। गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने अबलू पर फायरिंग शुरू कर दी। किसी प्रकार भागकर अबलू ने जान बचाई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जमील, जरीफ, बबलू समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।