छात्रों के दो गुटों के बीच बेल्टें चलीं
खतौली (मुजफ्फरनगर)। छात्रों के गुटों में मामूली विवाद को लेकर जानसठ रोड पर मारपीट हो गई। मारपीट में छात्रों के बीच जमकर बेल्टें चली। इस दौरान वहां पर अफरातफरी मच गई थी। मारपीट में दो घायल भी हो गए।
सोमवार की शाम को कुछ छात्र ट्यूशन पढ़कर अपने घर जा रहे थे। रास्ते में इन छात्रों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद छात्रों में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान वहां पर लोगों में अफरातफरी मच गई थी। मारपीट में दोनों ओर से छात्रों के बीच बेल्टें चलीं। संघर्ष में छात्र गगन और महेश घायल हो गए। छात्रों को लहूलुहान देखकर आरोपी छात्र वहां से भाग निकले। आरोपियों के भागने के बाद दोस्तों ने घायल छात्रों का प्राइवेट चिकित्सक के यहां उपचार कराया। इस घटना की अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना को लेकर इंकार कर रही है।