क्षेत्र के महराजगंज रोड पर कडेरेपुर गाँव के पास मंगलवार को साढ़े तीन बजे दिन में बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी रवि अग्रवाल को गोली मारकर घायल कर दिया और बैग लेकर भाग गए। संयोग से बैग में रुपये नहीं थे। व्यापारी मुंगराबादशाहपुर से बदलापुर की तरफ अपनी बाइक से जा रहे थे। गोली लगने के बाद उन्होंने घटना की सूचना मोबाइल से परिजनों को दी। आस पास के लोगों ने एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बदलापुर में भर्ती कराया । जहां प्राथमिक उपचार के बाद व्यापारी को डाक्टरों ने बीएचयू ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घायल व्यापारी को दाहिनी तरफ कंधे पर एक गोली लगी है । घटना की सूचना मिलते ही एसपी शैलेश पांडेय भी मौके पर पहुंच गए।
मुँगराबादशाहपुर कस्बा निवासी रवि अग्रवाल साइकल के थोक व्यापारी है । वह अपनी बाइक से बदलापुर की तरफ तकादा करके वापस लौट रहे थे। अभी वह कड़ेरेपुर स्थित एक डेयरी के पास पहुंचे कि पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल से उनके ऊपर फायर कर दिया और बैग लेकर महराजगंज की तरफ फरार हो गए। सूचना पर बदलापुर, महराजगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार व्यापारी के बैग में रुपये नहीं थे। चार हजार रुपये उसने एक व्यक्ति से लिया जरूर था लेकिन घटना के बाद उसे खुद फोन कर बुलाया और उसे रुपये वापस लौटा दी। एसपी शैलेश पांडेय ने कहा कि घायल व्यापारी के भाई की तहरीर पर अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ प्राणघातक हमले का केस दर्ज कर लतिया गया है।