सूजडू में आईपीएल सट्टेबाजी का भंडाफोड़, पांच आरोपी दबोचे
मुजफ्फरनगर। गांव सूजडू में औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट पर छापा मारकर पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हजारों की नकदी, मोबाइल फोन व एलईडी बरामद की गई है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर नवरत्न गौतम के नेतृत्व में रविवार देर रात सूजडू औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक ट्रांसपोर्ट के ऑफिस पर छापेमारी की। इंस्पेक्टर के अनुसार मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से छह मोबाइल, एक एलईडी और हजारों की नकदी बरामद की गई है। इंस्पेक्टर के शब्दों में, सभी आरोपी शनिवार से शुरू हुए आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में सट्टेबाजी का धंधा कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में ताहिर, हसीन, फुरकान, फरहत व जावेद सभी निवासीगण सूजडू बताए गए हैं। इनमें जिस ट्रांसपोर्ट से आईपीएल सट्टेबाजी का भंडाफोड़ हुआ है, वह ताहिर की बताई जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए थाने पहुंचाया, जहां उनसे सट्टेबाजी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि आरोपियों से पूछताछ में आईपीएल सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हो सकता है।