गायब युवती गांव में ही युवक के घर मिली
अमर उजाला ब्यूरो
भोपा। घर से गायब हुई किशोरी गांव के ही युवक के घर मिलने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। दोनों पक्षों में तनातनी देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक को भी हिरासत में ले लिया। किशेारी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भोपा निवासी ग्रामीण ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि शनिवार को वह अपने परिवार के साथ मजदूरी पर गया हुआ था। जैसे ही वह घर पहुंचे तो उसकी 16 वर्षीय पुत्री घर से गायब मिली। तलाश करने के दौरान पता चला कि एक युवक उसे बहला फुसलाकर कर कहीं ले गया है। सोनू अपनी ननिहाल भोपा में परिवार के साथ किराये के मकान में रहता है। इस सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर किशोरी को बरामद करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान दोनों पक्षों काफी तनातनी भी हुई। रविवार को भी घटना को लेकर दोनो पक्षों के लोग थाने पर ही गालीगलौज कर हंगामा करने लगे। पुलिस ने हंगामा कर रहे व्यक्तियों को फटकार लगाई । प्रभारी निरीक्षक बृजेश प्रताप सिंह ने बताया कि लड़की के पिता द्वारा दी गई तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कोर्ट मे बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-------------1
भट्ठे पर गए दो भाइयों पर हमला
अमर उजाला ब्यूरो
भोपा। खराब ईंट को लेकर ग्राहक व भट्ठे पर तैनात कर्मचारियों में हुई कहासुनी के उपरांत मारपीट हो गई, जिसमे दो सगे भाई घायल हो गए। मारपीट में घायलों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम करहेड़ा निवासी नितिन कुमार का आरोप है कि तिस्सा मार्ग स्थित एक भट्ठे से ईंट खरीदी थी। तय कि गयी ईंटें नहीं भेजने पर वह अपने भाई रजत के साथ रविवार सवेरे ईंटों की शिकायत लेकर गया था। उसका आरोप ह़ै कि शिकायत करने पर भट्ठे पर मौजूद लोगों से कहासुनी हो गई, जिसमें मुनीम सहित भट्ठे पर मौजूद कर्मचारियों ने दोनों के साथ मारपीट की। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, रहमतपुर निवासी महिला ने थाने पहुंच कर आरोप लगाया कि उसकी ससुराल थाना बुढ़ाना क्षेत्र के गांव कुरावा में हैं। उसके पति से उसका विवाद चला आ रहा है। इसी के चलते वह अपने मायका के गांव रहमतपुर में रह रही है। आरोप है कि रविवार को उसका पति दो लोगो को लेकर गांव आया और उसके साथ मारपीट करते हुए उससे दो वर्ष के बच्चें को छीनने का प्रयास किया। महिला ने आरोपियों के विरूद्ध पुलिस को तहरीर दे दी हैं।