मुजफ्फरनगर। शहर व आसपास क्षेत्र में ताबड़तोड़ लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले लुटेरे बाइकर्स गैंग के फरार तीन अन्य बदमाशों को भी पुलिस ने देर रात बुढ़ाना रोड स्थित रजबाहे की पुलिया से धर दबोचा। लुटेरे गिरोह का एक बदमाश अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पिछले एक पखवाड़े में शहर व आसपास क्षेत्र में लूट की ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम देने वाले बाइकर्स लुटेरे गैंग के तीन बदमाशों को शुक्रवार शाम पीनना के निकट हुई मुठभेड़ में शहर कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा था। इनमें लुटेरे गिरोह के सरगना नरेंद्र उर्फ मामा व आबिद दर्जी के साथ ही निशांत उर्फ नीशू पाल शामिल थे। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ के बाद लुटेरे गिरोह के चार अन्य साथी भी चिह्नित किए गए थे, जिनमें राज्जोपुर देवबंद निवासी सचिन राठौर, रामपुरी की दीपक पैलेस वाली गली निवासी जानू उर्फ शेखर शर्मा, सुजड़ू के कूंगर पट्टी निवासी गुलफाम व नयागांव मीरापुर निवासी सोनू शामिल थे। उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात बुढ़ाना रोड पर रजबाहे की पुलिया के पास से सूचना के आधार पर इनमें से जानू उर्फ शेखर शर्मा, गुलफाम व सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से दो छुरी व लूट की दो बाइक बरामद की गईं हैं, जिनमें से एक पचैंडा रोड से लूटी गई थी, जबकि दूसरी गिरोह के फरार चल रहे बदमाश सचिन राठौर ने उन्हें बेचने के लिए दी थी। तीनों लुटेरों को जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार सचिन राठौर की तलाश में दबिश दी जा रही है।